{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM मोदी का वाराणसी दौरा: 50 हजार महिलाओं को करेंगे संबोधित, आठों विधानसभा क्षेत्रों में बांटी गई जिम्मेदारी

वाराणसी में 28 अप्रैल को पीएम मोदी के दौरे से पहले भाजपा ने 50 हजार महिलाओं के सम्मेलन की तैयारी तेज कर दी है। बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। आठों विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारियां बांटी गई हैं, सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

 

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। 28 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रमों के तहत भाजपा संगठन और महिला मोर्चा का मुख्य फोकस एक विशाल महिला सम्मेलन को सफल और ऐतिहासिक बनाने पर है। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी नारी शक्ति को जोड़ने और अपनी योजनाओं को सीधे महिलाओं तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।

50 हजार महिलाओं की भागीदारी का लक्ष्य

भाजपा ने इस महिला सम्मेलन में 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए संगठन ने व्यापक रणनीति तैयार की है, जिसमें बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाई जा रही है। पार्टी का मानना है कि यह सम्मेलन न केवल काशी बल्कि पूरे प्रदेश में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देगा।

बूथ स्तर तक पहुंचा जनसंपर्क अभियान

महिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा ने मंडल और बूथ स्तर पर विशेष अभियान शुरू किया है। महिला मोर्चा की टीमें घर-घर जाकर महिलाओं को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रही हैं। संगठन के अनुसार, मंडल स्तर की बैठकें पूरी हो चुकी हैं और अब फोकस जमीनी स्तर पर ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोड़ने पर है।

आठों विधानसभा क्षेत्रों में बांटी गई जिम्मेदारी

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें रोहनिया, सेवापुरी, अजगरा, दक्षिणी, उत्तरी और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी देकर समन्वय की मजबूत व्यवस्था बनाई गई है।

28-29 अप्रैल को पीएम मोदी का व्यस्त कार्यक्रम

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) में कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे और उसी दिन काशी में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री तिब्बती संस्थान रिंपा सेंगपा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद हरदोई के लिए रवाना होंगे।

महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा का संदेश

भाजपा नेताओं का कहना है कि वर्ष 2014 से अब तक केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यह महिला सम्मेलन इसी दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी महिलाओं तक अपनी नीतियों और योजनाओं का संदेश पहुंचाना चाहती है।