नशा मुक्ति अभियान के तहत काशी विद्यापीठ में काव्य पाठ प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग की ओर से नशा मुक्ति अभियान के तहत रविवार को काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कविताओं के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. राजमुनि और डॉ. अविनाश कुमार सिंह शामिल रहे। प्रतिभागियों के काव्य पाठ का मूल्यांकन करने के बाद परिणाम घोषित किए गए।
हनुमान राम प्रथम, आकाश सिंह द्वितीय
प्रतियोगिता में हिंदी विभाग के शोधार्थी हनुमान राम ने प्रथम, शोधार्थी आकाश सिंह ने द्वितीय और हिंदी विभाग के स्नातक विद्यार्थी अंकुर कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। डॉ. अविनाश कुमार सिंह ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए नशे से दूर रहने तथा ज्ञानार्जन के प्रति सकारात्मक लगाव विकसित करने का आह्वान किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।