पुजारी बनकर श्रद्धालुओं को लगाते थे चूना, पुलिस ने काशी विश्वनाथ मंदिर के पास से 5 को किया गिरफ्तार
वाराणसी। सावन के महीने में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा घाटों पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुगम और VIP दर्शन कराने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय था। चौक पुलिस ने बुधवार को मंदिर के गेट नंबर-4 के पास कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी खुद को पुजारी बताकर श्रद्धालुओं से पैसे लेते थे और जल्द दर्शन कराने का झांसा देते थे।
पुलिस को गोदौलिया से चौक और मैदागिन तक ऐसे लोगों के सक्रिय होने की शिकायतें मिल रही थीं। श्रद्धालुओं की शिकायत के बाद पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की। इसी दौरान मंदिर के गेट नंबर-4 के आसपास पुजारी की वेशभूषा में घूम रहे कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पूछताछ के बाद पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
सुगम दर्शन के नाम पर लेते थे पैसे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर में जल्दी और सुगम दर्शन कराने का भरोसा दिलाते थे। इसके बदले उनसे रकम वसूली जाती थी। पैसे लेने के बाद उन्हें अलग-अलग बातों में उलझाकर गुमराह किया जाता था। कुछ श्रद्धालुओं से मिली शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर के आसपास निगरानी बढ़ा दी।
CCTV फुटेज और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की निगरानी के दौरान संदिग्धों की पहचान की गई। बुधवार को गेट नंबर-4 के पास कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पंडों के साथ गार्ड-कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच
पुलिस जांच में गिरोह में कुछ पंडों के शामिल होने की बात सामने आई है। इसके अलावा मंदिर परिसर के गार्ड और कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी श्रद्धालुओं से पैसे लेकर जल्द दर्शन कराने का भरोसा दे रहे थे। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल बाबू पांडेय (35), आशीष पांडेय (24), दिलीप पांडेय (44), यश दुबे (20) और सुशील कुमार दास (21) के रूप में हुई है।
लाल बाबू पांडेय देवरिया के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के पिपरपाती का निवासी है। आशीष पांडेय वाराणसी के लहरतारा नई बस्ती का रहने वाला है। दिलीप पांडेय पड़ाव स्थित सूजाबाद नई बस्ती का निवासी बताया गया है।
यश दुबे मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रांझी थाना क्षेत्र की भरत कॉलोनी मड़ई का रहने वाला है। वहीं सुशील कुमार दास बिहार के दरभंगा जिले के बेहरा थाना क्षेत्र का निवासी है।
सावन में बढ़ जाती है ठगी की आशंका
सावन के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़ बढ़ने के साथ ही दर्शन और पूजा के नाम पर ठगी करने वाले भी सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति VIP या सुगम दर्शन के नाम पर पैसे मांगे तो सावधान रहें और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।