पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 8 पुलिसकर्मियों को दी सम्मानजनक विदाई
Varanasi : पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में शुक्रवार को सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पांच उपनिरीक्षकों और तीन अन्य कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।
सम्मानित होने वालों में उप निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह (ज्ञानवापी सुरक्षा), फतेह बहादुर सिंह (ज्ञानवापी सुरक्षा), जगत नारायण तिवारी (राजातालाब थाना), सुग्रीव राम (रेडियो शाखा), श्रीकांत यादव (पुलिस लाइन), मुख्य आरक्षी विरेश दत्त त्रिपाठी (लंका थाना), मुख्य आरक्षी सत्येंद्र सिंह (पुलिस लाइन) तथा उर्दू अनुवादक वदूदुल हसन (एसीपी कोतवाली कार्यालय) शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि इनका योगदान पुलिस विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा और नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए मार्गदर्शक बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस आयुक्त ने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।