{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने वाराणसी जंक्शन के सामने पुलिस सहायता केन्द्र का किया उद्घाटन

 
वाराणसी। शहर की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना सिगरा क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी जंक्शन के सामने स्थापित नए पुलिस सहायता केन्द्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नागरिकों, यात्रियों एवं व्यापारियों को त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि वाराणसी जंक्शन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस पुलिस सहायता केन्द्र की स्थापना की गई है।

उन्होंने कहा कि सहायता केन्द्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। यह केन्द्र विशेष रूप से महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पुलिस आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस सहायता केन्द्र के संचालन से अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के समाधान में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिगरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।