रामनगर में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, ट्रक छोड़कर फरार हुए तस्कर
Varanasi : कमिश्नरेट वाराणसी की रामनगर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस ट्रक से करीब 90 हजार रुपये मूल्य की अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब में ब्लू लाइम ब्रांड के कुल 1,125 पाउच शामिल हैं। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 30 जुलाई 2026 को रामनगर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लंका मैदान से कटरिया जाने वाली सड़क पर एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें अवैध शराब लदी हुई है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में चालक मौजूद नहीं मिला। तलाशी में ट्रक से 23 पेटी और 90 अतिरिक्त पाउच, यानी कुल 1,125 पाउच (200 मिलीलीटर) ब्लू लाइम ब्रांड की अवैध देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये है। पुलिस ने ट्रक संख्या BR24GC4512 को कब्जे में लेकर थाना रामनगर में मु.अ.सं. 0201/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में ट्रक मालिक और शराब तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह कार्रवाई डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन, एसीपी कोतवाली के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, पंकज मिश्रा, हरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रवीन्द्र सिंह और आरक्षी ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।