{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: जनसुनवाई हो प्रभावी, विवेचनाएं हों समय पर- डीसीपी वरुणा ने किया कैंट थाने का निरीक्षण

वाराणसी के डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने थाना कैंट का वार्षिक निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेख, साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क और जनसुनवाई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अनुशासन, समयबद्ध विवेचना, प्रभावी मिशन शक्ति कार्रवाई और शिकायतों के संवेदनशील निस्तारण के निर्देश देते हुए स्टाफ की समस्याएँ भी सुनी।

 

वाराणसी: शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (DCP) वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने सोमवार को थाना कैण्ट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत गार्ड की सलामी से हुई, जिसके बाद DCP ने थाना परिसर की हर व्यवस्था का परीक्षण किया-अभिलेखों से लेकर शस्त्रागार, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल और जनसुनवाई रजिस्टर तक का निरीक्षण किया।


निरीक्षण में थाने की साफ-सफाई और अभिलेख अद्यावधिक मिले, लेकिन कई कार्यों को और बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए गए। DCP ने सभी पुलिस कर्मियों को बीट पुस्तिकाओं को अपडेट रखने, बीट क्षेत्र की पूरी जानकारी रखने और आमजन से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

साइबर सेल में शिफ्टवार ड्यूटी 

DCP ने थाना स्तर पर संचालित साइबर सेल में शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए ताकि साइबर अपराधों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए उन्होंने महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर बिना देर किए और संवेदनशील कार्रवाई को अनिवार्य बताया।

लंबित विवेचनाओं पर सख्ती

पुलिस उपायुक्त ने थाना प्रभारी को लंबित विवेचनाओं का जल्द से जल्द सॉल्व करने और मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि IGRS पर मिलने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समय पर निस्तारण बेहद जरूरी है।

लावारिस वाहनों की नीलामी 

थाने में पड़े लावारिस, सीज और मुकदमाती वाहनों की नियमित नीलामी कराने के आदेश दिए गए। साथ ही चल रहे अभियानों में अपेक्षित व कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। 11 नवंबर 2025 को DGP द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों का अनुपालन करने को कहा गया।

पुलिस स्टाफ से संवाद और समस्याओं का समाधान

निरीक्षण के बाद DCP ने सभी पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ACP कैण्ट सहित थाना कैण्ट के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। यह निरीक्षण न केवल थाने की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने में अहम साबित होगा, बल्कि जनता को बेहतर और प्रभावी पुलिस सेवा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।