{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में राजनीतिक दलों की बैठक, विशेष पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की अपील

 

वाराणसी I विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को सुचारू, पारदर्शी और सफल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और सीपीआई-एम के प्रतिनिधियों को विधानसभावार शेष बीएलए (Booth Level Agents) की सूची तत्काल उपलब्ध कराने और उन्हें सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि बीएलए को पुनः प्रशिक्षण की आवश्यकता हो तो मात्र एक दिन पहले सूचना दें, जिससे प्रशिक्षण कार्य दोबारा कराया जा सके।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की और कहा कि इतने बड़े कार्य को आपके सहयोग के बिना पूरा करना संभव नहीं है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
साथ ही सूची मिलान व डिजिटाइजेशन हेतु शिक्षकों और पंचायत सहायकों की ड्यूटी लगाए जाने की भी जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी भी बूथ से संबंधित दावा या आपत्ति हो तो जिला निर्वाचन कार्यालय या संबंधित एसडीएम कार्यालय में लिखित रूप से जानकारी दें। इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं के गणना प्रपत्र ऑनलाइन भरवाने पर विशेष जोर दिया।