{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बरेका कर्मचारी परिषद को मिला नया संयुक्त सचिव, प्रदीप कुमार यादव सर्वसम्मति से निर्वाचित
 

 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना में कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव पद के लिए गुरुवार को संपन्न चुनाव में प्रदीप कुमार यादव को सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निर्विवाद रही।

प्रदीप कुमार यादव वर्तमान में बरेका की इंजन इरेक्शन शॉप में टेक्नीशियन (फिटर) के पद पर कार्यरत हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए हुए मतदान में परिषद के सभी सदस्यों ने उन्हें पूर्ण समर्थन दिया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें कुल 08 मत प्राप्त हुए।

उल्लेखनीय है कि संयुक्त सचिव पद के लिए कुल 05 नामांकन दाखिल किए गए थे। इनमें निर्वाचन क्षेत्र संख्या-1 (कर्मशाला संख्या-1) से प्रदीप कुमार यादव, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-3 से मनीष कुमार सिंह, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-4 से धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-5 (पर्यवेक्षक) से अमित कुमार तथा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-8 (सिविल एवं विविध) से श्रीकांत यादव शामिल थे।

इससे पहले 09 जनवरी 2026 को बरेका कर्मचारी परिषद के मुख्य चुनाव संपन्न हुए थे, जिसमें आठों निर्वाचन क्षेत्रों से परिषद सदस्य चुने गए थे। प्रदीप कुमार यादव ने निर्वाचन क्षेत्र संख्या-1 से सदस्य पद पर भी जीत दर्ज की थी। अन्य निर्वाचित सदस्यों में सुशील कुमार सिंह (क्षेत्र-2), मनीष कुमार सिंह (क्षेत्र-3), धर्मेन्द्र कुमार सिंह (क्षेत्र-4), अमित कुमार (क्षेत्र-5), संतोष कुमार यादव (क्षेत्र-6), नवीन कुमार सिंहा (क्षेत्र-7) और श्रीकांत यादव (क्षेत्र-8) शामिल हैं।

प्रदीप कुमार यादव की सर्वसम्मत जीत से बरेका के कर्मचारियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। कर्मचारी संगठनों और परिषद सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।