{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, नमो घाट पर लोगों ने किया योगाभ्यास

 

वाराणसी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के उद्देश्य से गोवर्धन पूजा समिति द्वारा आयोजित योग दिवस सप्ताह के तहत मंगलवार को नमो घाट पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।

सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में योगाचार्यों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम की विधियां सिखाईं। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।

एडवोकेट प्रमोद श्रीवास्तव ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव भी दूर होता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

योगाचार्य अभय स्वाभिमानी और रक्षा कौर ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में हिस्सा लिया और योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में नंदिनी यादव, रितु केशरी, कंचन अग्रहरि, आरती, पल्लवी, अंजू मोदनवाल, दीपमाला, रानी जायसवाल, अनन्या, सुमनलता श्रीवास्तव, रमेश गुप्ता, कमलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

गोवर्धन पूजा समिति के पारस यादव 'पप्पू' ने बताया कि 21 जून तक प्रतिदिन नमो घाट पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन का उत्सव बनाना है।