काशी में एयर शो की तैयारियां तेज, CM योगी ने नमो घाट का किया निरीक्षण, परखी सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी में एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। नमो घाट पर 22 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस कार्यक्रम में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयर शो के मद्देनजर नमो घाट के साथ ही आसपास के अन्य गंगा घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट के मानचित्र के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल और टी. राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।