काशी में एयर शो की तैयारियां तेज, गंगा किनारे 6 KM में थ्री-लेयर बैरिकेडिंग; बनेंगे 32 अस्थायी थाने
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा पार रामनगर से लेकर डोमरी और सूजाबाद क्षेत्र तक करीब छह किलोमीटर लंबे इलाके में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र में तीन लेयर की बैरिकेडिंग की जा रही है, ताकि एयर शो के दौरान लाखों की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
गंगा किनारे सबसे पहली सुरक्षा परत लोहे की जाली और तार से बनाई जा रही है। इसके बाद बांस-बल्ली की दो और लेयर लगाई जा रही हैं। लोगों को इन्हीं बैरिकेडिंग के पीछे से एयर शो देखने की अनुमति होगी। भीड़ को एक जगह जमा होने से रोकने के लिए अलग-अलग ब्लॉक भी बनाए जाएंगे। इनमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग व्यवस्था रहेगी।
25 से ज्यादा जेसीबी और रोलर लगाए गए
डोमरी से सूजाबाद तक गंगा किनारे के इलाके को एयर शो के लिए तैयार किया जा रहा है। बालू के टीलों को समतल करने के साथ जहां गड्ढों में पानी जमा है, वहां मिट्टी डालकर जमीन को बराबर किया जा रहा है। इसके लिए 25 से अधिक जेसीबी और रोलर लगाए गए हैं।
गंगा किनारे जाने वाले रास्तों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़कों को मजबूत किया जा रहा है और टूटी सड़कों की पैचिंग का काम भी कराया जाएगा। इसके अलावा बसंत कॉलेज, राजघाट से नमो घाट तक जाने के लिए दो नए रास्ते बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
हर 200 मीटर पर बनेगा पुलिस चेक पोस्ट
एयर शो के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने भी बड़ा प्लान तैयार किया है। करीब छह किलोमीटर के पूरे क्षेत्र में हर 500 मीटर पर अस्थायी पुलिस चौकी बनाई जाएगी। इसके अलावा हर 200 मीटर पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए जाएंगे। इन चेक पोस्ट से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को जरूरी सूचनाएं और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
होटल और हाइजीन पर भी फोकस
एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले मेहमानों के वाराणसी में ठहरने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने होटल संचालकों को साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। होटल परिसर की स्वच्छता के साथ खानपान की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
भीड़ संभालने के लिए बनेंगे 32 अस्थायी थाने
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने रविवार को एयर शो के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर करीब दो घंटे तक बैठक की। बैठक में लाखों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 32 अस्थायी थाने बनाए जाने पर सहमति बनी है।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, हर चार थानों पर एक एसपी और दो पुलिस क्षेत्राधिकारी तैनात किए जाएंगे। यह विशेष व्यवस्था एयर शो से पहले और कार्यक्रम के बाद करीब एक सप्ताह तक लागू रहेगी।
इन अस्थायी थानों में एसएचओ और एसओ स्तर के अधिकारियों की तैनाती होगी। प्रत्येक थाने को औसतन 100 पुलिसकर्मी और 50 ट्रैफिक पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे।
एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नमो घाट, गोलगड्डा-मैदागिन मार्ग, सामनेघाट, मैदागिन-दशाश्वमेध मार्ग, लंका मैदान और रामनगर समेत प्रमुख स्थानों पर अस्थायी पुलिस व्यवस्था की जाएगी। गंगा किनारे भी विशेष पुलिस तैनाती रहेगी।
कुल मिलाकर काशी में एयर शो को भव्य बनाने के साथ-साथ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। गंगा किनारे छह किलोमीटर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग, सड़क और जमीन का समतलीकरण, नए रास्ते और अस्थायी पुलिस थानों की व्यवस्था इसी तैयारी का हिस्सा है।