{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में पीएम मोदी ने किया अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण, 100 करोड़ के निवेश से एक हजार महिलाओं को मिलेगा रोजगार
 

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित रूपापुर (खोचवां) में अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने इकाई में कार्यरत महिलाओं से संवाद किया और उनके कार्यों की जानकारी ली। करीब 100 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से स्थापित इस इकाई में एक हजार महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल को काशी में महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सात एकड़ भूमि पर स्थापित हुई नई इकाई

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के निकट खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे करीब सात एकड़ भूमि पर अरविंद मिल की नई इकाई स्थापित की गई है। इसमें स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट्स का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी में अब तक करीब 300 मशीनें लगाई जा चुकी हैं। वर्तमान में लगभग 300 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कंपनी में कार्यरत महिलाओं का पदनाम ऑपरेटर होगा। यहां रोजगार पाने वाली महिलाओं के लिए परिवहन और आवासीय सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी। भविष्य में इकाई के विस्तार के लिए दूसरे चरण के निवेश की भी योजना प्रस्तावित है।

महिलाओं से प्रधानमंत्री ने किया संवाद

लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही और कार्यरत महिलाओं से बातचीत की। नई इकाई के संचालन से वाराणसी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

इस इकाई में तैयार होने वाले परिधानों का संबंध देश-विदेश के प्रमुख फैशन ब्रांडों से भी होगा। अरविंद मिल के पास एरो, टॉमी हिलफिगर और केल्विन क्लाइन जैसे प्रसिद्ध ब्रांडों के लाइसेंस हैं। उल्लेखनीय है कि इस इकाई का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को किया गया था।

प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए तीन हेलीपैड

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बसमत्ती देवी संकठा प्रसाद महिला महाविद्यालय के निकट तीन हेलीपैड बनाए गए थे। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद प्रधानमंत्री करीब 500 मीटर की दूरी कार से तय कर अरविंद मिल की नई इकाई पहुंचे।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के लिए खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में दो हेलीपैड तैयार किए गए थे। दोनों सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक ही हेलीकॉप्टर से पहुंचे।

हेलीकॉप्टर देखते ही उमड़े ग्रामीण, लगाए भारत माता की जय के नारे

प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान हेलीपैड पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर को उतरते देख आसपास के ग्रामीण उत्साहित हो उठे। बड़ी संख्या में ग्रामीण हेलीकॉप्टर देखने के लिए पहुंचे और दूर से ही 'वंदे मातरम्' तथा 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। सुरक्षा कारणों से आम लोगों को कंपनी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी।

वीवीआईपी मूवमेंट के चलते हाईवे पर रोका गया यातायात

प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के आगमन को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। हेलीपैड से मिल तक बैरिकेडिंग की गई थी। रूपापुर चौराहे से कछवां रोड की ओर जाने वाले हाईवे के सर्विस रोड पर यातायात प्रतिबंधित रहा।

सुरक्षा के मद्देनजर सर्विस रोड किनारे स्थित ढाबों, पेट्रोल पंपों और दुकानों को भी बंद कराया गया। प्रधानमंत्री के आवागमन के दौरान वाराणसी से प्रयागराज जाने वाली हाईवे की दक्षिणी लेन पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

काशी में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

अरविंद मिल की नई इकाई के शुरू होने से वाराणसी में वस्त्र उद्योग के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। खासकर ग्रामीण और स्थानीय महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक हजार महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य पूरा होने पर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।