{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में 25 अक्टूबर को अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी, महिला कर्मचारियों से करेंगे संवाद; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
 

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर चौराहे के निकट खोचवां (भड़ेहरा) गांव में स्थापित अरविंद मिल की नई औद्योगिक इकाई का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह कंपनी में कार्यरत महिलाओं से संवाद भी करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पीएम के लिए बने तीन हेलीपैड, कार से पहुंचेंगे मिल

प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए अरविंद मिल के निकट तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं। हेलीपैड से मिल तक करीब 500 मीटर की दूरी प्रधानमंत्री कार से तय करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में हेलीपैड की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है।

सात एकड़ में स्थापित नई इकाई, एक हजार से अधिक रोजगार की उम्मीद

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर अरविंद मिल की नई इकाई स्थापित की गई है। इस औद्योगिक परियोजना से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में करीब 300 महिलाओं को इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

नई इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन प्रस्तावित है। भविष्य में निवेश का दूसरा चरण भी शुरू करने की योजना है। इस परियोजना का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को हुआ था।

एसपीजी और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एसपीजी की टीम ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। बम निरोधक दस्ते द्वारा भी सुरक्षा जांच की जा रही है। हेलीपैड से लेकर मिल परिसर तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने किया लैंडिंग का रिहर्सल

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों ने तैयार किए गए हेलीपैड पर उतरकर रिहर्सल किया। हेलीकॉप्टरों की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।

रूपापुर ओवरब्रिज की रंगाई-पुताई, हाईवे किनारे लगे होर्डिंग

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अरविंद मिल परिसर और आसपास के इलाकों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से रूपापुर चौराहे के निकट स्थित ओवरब्रिज और अंडरपास की रंगाई-पुताई कराई जा रही है।

गौरतलब है कि इसी ओवरब्रिज पर बीते सोमवार को हुए सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच युवकों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि युवक दर्शन-पूजन कर लौटने के दौरान वाहन के आगे खड़े होकर फोटो और वीडियो बना रहे थे, तभी एक ट्रक की चपेट में आ गए।

'चरखे की डोर भविष्य की ओर' के संदेश से सजा मिल परिसर

अरविंद मिल के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ 'चरखे की डोर भविष्य की ओर...' संदेश वाला बड़ा होर्डिंग लगाया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल से लेकर हाईवे किनारे तक प्रधानमंत्री के स्वागत और सरकार की उपलब्धियों से संबंधित होर्डिंग लगाए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को वाराणसी में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई कपड़ा निर्माण इकाई के शुरू होने से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।