{"vars":{"id": "130921:5012"}}

SIR अभियान को रफ्तार देने सड़कों पर उतरे जनप्रतिनिधि और BJP कार्यकर्ता, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने किया बूथों का निरीक्षण

 

वाराणसी:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के दिशा-निर्देश पर वाराणसी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision – SIR) को तेज़ी देने के लिए भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बूथों का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की स्थिति का निरीक्षण किया गया और नागरिकों से फॉर्म भरने में सहयोग की अपील की गई।

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने दुर्गाकुंड स्थित अंध विद्यालय के बूथ संख्या 312, 313, 314, 315 सहित कई बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (BLOs) से पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली और मतदाताओं से सीधे संवाद कर जागरूकता बढ़ाई।

डॉ. दयालु ने कहा कि SIR प्रक्रिया केवल प्रशासनिक कार्यवाही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम वोटर सूची में जोड़ना, त्रुटियों को सुधारना और निष्क्रिय नामों को हटाना, यह सब समय पर होना ज़रूरी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मिशन मोड में काम करते हुए हर पात्र मतदाता तक पहुँचें और अंतिम तिथि से पहले BLO के पास फॉर्म जमा कराने के लिए प्रेरित करें। मंत्री ने कहा, “सही और शुद्ध मतदाता सूची ही लोकतांत्रिक अधिकारों का वास्तविक लाभ सुनिश्चित कर सकती है।”

अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने दर्जनों मतदाताओं से मुलाकात की, विशेषकर नए, महिला और स्थानांतरित मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई।

जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि इससे पहले भी मंत्री डॉ. दयालु ने मध्यमेश्वर मंडल के कई वार्डों में कार्यकर्ताओं के साथ जागरूकता अभियान चलाया था। इस दौरान पार्षद अक्षयबर सिंह, सौरभ पाठक, संतोष सैनी, गौरव राठी, संजय मिश्रा, सौरभ राय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।