{"vars":{"id": "130921:5012"}}

शॉप-शॉप में पूजा, हर तरफ उत्सव का माहौल… बरेका में ऐसे मनाया गया विश्वकर्मा पूजन
 

 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को शिल्पकला, निर्माण एवं सृजन के अधिष्ठाता भगवान श्री विश्वकर्मा का पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न शॉपों में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और सभी को विश्वकर्मा पूजन की शुभकामनाएँ दीं।

समारोह का शुभारंभ अभिकल्प विभाग में भगवान विश्वकर्मा के दर्शन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने बरेका कर्मशाला के विभिन्न कार्यस्थलों का भ्रमण कर पूजा-अर्चना की तथा कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया।

इस दौरान न्यू ब्लॉक शॉप, सीटीएस शॉप, टूल रूम, इंजन डिवीजन, लोको फ्रेम शॉप, पाईप शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रैक्शन असेंबली शॉप, ट्रैक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप एवं डिपो सहित विभिन्न शॉपों में भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया गया।

विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर बरेका की कर्मशाला में उत्सवी वातावरण देखने को मिला। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा कर पूजा स्थलों को फूल-पत्तियों, रंग-बिरंगी झंडियों और आकर्षक विद्युत लाइटों से सजाया। विभिन्न शॉपों में बनाए गए पूजा पंडालों में कर्मचारियों ने श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना की।

महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना हमें कौशल, गुणवत्ता, नवाचार, परिश्रम और सृजनशीलता के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बरेका परिवार की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

उन्होंने कहा कि बरेका की पहचान उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता, कर्मठ मानव संसाधन और निरंतर नवाचार से बनी है। भगवान विश्वकर्मा का पूजन सभी को अपने कार्य में गुणवत्ता, दक्षता एवं पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी मुख्यालय अजय श्रीवास्तव, मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको अरविन्द कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-डीजल प्रवीण कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-प्रोजेक्ट कौशलेश सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/सर्विस इंजीनियर विपुल सिंह, उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको सुदीप रावत एवं जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप कुमार यादव, अन्य कर्मचारी परिषद सदस्य, बड़ी संख्या में कर्मचारीगण एवं उनके परिजन भी शामिल हुए। सभी ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन कर बरेका परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

पूरे कर्मशाला परिसर में दिनभर श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। विश्वकर्मा पूजन समारोह ने बरेका की औद्योगिक विरासत, तकनीकी सामर्थ्य एवं कर्मचारियों की एकजुट कार्य-संस्कृति को प्रदर्शित किया।