22 अप्रैल को क्वींस कॉलेज में लगेगा पुस्तक मेला, छात्रों को सस्ती दरों पर मिलेंगी किताबें
वाराणसी: यूपी बोर्ड के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 22 अप्रैल को पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला शहर के पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज परिसर में आयोजित होगा, जहां छात्रों को सस्ती दरों पर किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मेले के आयोजन की जिम्मेदारी शासन स्तर पर तीन एजेंसियों को सौंपी गई है। इन एजेंसियों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें कुल 32 प्रकार की किताबें उपलब्ध रहेंगी। मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने 4 अप्रैल को इस संबंध में पूरी सूची जारी की थी, जिसमें किताबों के नाम के साथ उनकी निर्धारित कीमत भी शामिल है।
महंगी किताबों की शिकायत पर कार्रवाई
पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि स्कूलों में अनधिकृत किताबें छात्रों को महंगे दामों पर बेची जा रही हैं। ये किताबें निर्धारित कीमत से 149% से 361% तक अधिक कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही थीं। इस पर संज्ञान लेते हुए बोर्ड सचिव ने 15 अप्रैल तक स्कूलों के निरीक्षण के निर्देश दिए थे और दोषी प्रधानाचार्य, प्रबंधक व शिक्षकों पर कार्रवाई की बात कही थी।
क्वींस कॉलेज के प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मेले में अलग-अलग कक्षाओं के लिए अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
7 अंकों का सीरियल नंबर बताएगा असली किताब
इस बार NCERT की किताबों में नया बदलाव किया गया है। अब हर किताब के कवर पर 7 अंकों का अल्ट्रा वायलेट फ्लोरोसेंट लाल रंग में सीरियल नंबर छपा होगा। जिन किताबों पर यह नंबर नहीं होगा, उन्हें अनधिकृत माना जाएगा। इससे नकली और असली किताबों की पहचान करना आसान हो जाएगा।