{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में एयर शो का शानदार आगाज: गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई, सूर्य किरण विमानों ने बिखेरे तिरंगे के रंग, रोमांचित हुए दर्शक
 

 

वाराणसी। काशी में भारतीय वायुसेना के बहुप्रतीक्षित एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का शानदार आगाज हो गया है। गुरुवार को गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज हवाई करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। नमो घाट, राजघाट और आसपास के गंगा घाटों पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसमान में राफेल और सुखोई जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की उड़ान देखकर दर्शक उत्साह से भर उठे।

एयर शो को लेकर सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 10 बजे तक आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने लगा, जबकि साढ़े दस बजे तक प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके थे। हर किसी की नजर आसमान पर टिकी थी और लोग विमानों के रोमांचक करतब देखने के लिए उत्सुक नजर आए।

सुखोई की पैंतरेबाजी ने बढ़ाया रोमांच

दोपहर 12 बजे के बाद सुखोई लड़ाकू विमानों ने गंगा के ऊपर शानदार हवाई करतब दिखाए। विमानों की तेज रफ्तार, अचानक दिशा परिवर्तन और आसमान में लगाए गए गोतों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विमानों की गर्जना गंगा तट पर दूर तक सुनाई देती रही।

इससे पहले सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के विमानों ने शानदार तालमेल के साथ उड़ान भरते हुए विजय के प्रतीक 'वी' आकार का फॉर्मेशन बनाया। इसके साथ ही विश्वनाथ फॉर्मेशन का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। विमानों ने आसमान में भारतीय तिरंगे के रंग बिखेरे तो पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।

राफेल ने दिखाया शौर्य और पराक्रम

एयर शो के दौरान राफेल लड़ाकू विमान ने अपनी अद्भुत क्षमता और युद्धक कौशल का प्रदर्शन किया। राफेल ने तेज गति से उड़ान भरते हुए अचानक दिशा बदली और कम गति पर नियंत्रित उड़ान का प्रदर्शन किया। इस दौरान विमान ने उल्टी उड़ान, ऊंचाई पर चढ़ने और अचानक मुड़ने जैसे करतब दिखाकर दर्शकों को हैरान कर दिया।

केदार फॉर्मेशन के बाद कम ऊंचाई पर किए गए सटीक एरोबैटिक प्रदर्शन ने एयर शो के रोमांच को और बढ़ा दिया। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और उनके हैरतअंगेज करतब दर्शकों के लिए यादगार अनुभव बन गए।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, घाटों पर उमड़ी भीड़

एयर शो के मद्देनजर वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को आधी रात के बाद से ही मजबूत कर दिया गया था। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहीं।

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस एयर शो का उद्देश्य देश की वायु शक्ति, आधुनिक तकनीक और सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन करना है। ‘विंग्स ओवर गंगा’ के तहत 22, 24 और 25 अक्टूबर को हवाई प्रदर्शन निर्धारित हैं।