रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका कर्मचारियों के साथ किया भोजन, सुनीं समस्याएं और मांगें, महिला कर्मचारियों से भी किया संवाद
वाराणसी। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ कैंटीन में बैठकर दोपहर का भोजन किया और उनसे कार्यस्थल की सुविधाओं, समस्याओं एवं सुझावों को लेकर बातचीत की। रेल मंत्री ने विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों और महिला कर्मचारियों से भी संवाद किया।
सरदार वल्लभभाई पटेल को अर्पित की श्रद्धांजलि
बरेका पहुंचने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वागती यूहॉल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सदैव अविस्मरणीय रहेगी।
कर्मचारियों के साथ कैंटीन में किया दोपहर का भोजन
दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बरेका की कर्मचारी कैंटीन पहुंचे, जहां उन्होंने कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से उनके कामकाज, अनुभवों और कैंटीन में उपलब्ध खानपान की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
रेल मंत्री को अपने बीच पाकर कर्मचारियों में उत्साह दिखाई दिया। कर्मचारियों ने उनके साथ बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए। बरेका प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारियों ने रेल मंत्री के सहज व्यवहार की सराहना की।
कर्मचारी संगठनों ने रेल मंत्री को सौंपे ज्ञापन
रेल मंत्री ने बरेका के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इस दौरान बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ और मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव उनके सामने रखे।
कर्मचारी संगठनों की ओर से रेल मंत्री को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे गए। अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधियों की बातों को सुना और उचित सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महिला कर्मचारियों से संवाद, कार्यस्थल की सुविधाओं पर चर्चा
दौरे के दौरान रेल मंत्री ने बरेका में कार्यरत महिला कर्मचारियों से भी विशेष बातचीत की। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षित और अनुकूल वातावरण, बेहतर सुविधाओं तथा रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
उन्होंने रेलवे के विकास और प्रगति में महिला कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष समेत वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार, बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।