{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में बारिश का अलर्ट! कक्षा 1-5 तक स्कूल बंद, 6-12 की टाइमिंग बदली

 

वाराणसी। मौसम संबंधी परिस्थितियों और अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए वाराणसी में 9 सितंबर को कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के अनुसार यह व्यवस्था प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक संचालित सभी विद्यालयों पर लागू होगी।

आदेश के तहत परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, ICSE, CBSE और अन्य बोर्ड के स्कूल शामिल हैं। यानी इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 9 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे।

कक्षा 6 से 12 तक स्कूल रहेंगे खुले

वहीं, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य जारी रहेगा। इन स्कूलों के संचालन का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शिक्षकों को स्कूल में रहना होगा उपस्थित

कक्षा 1 से 5 तक के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा, लेकिन सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें इस दौरान अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह की ओर से जारी आदेश में सभी विद्यालयों को निर्धारित निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम को देखते हुए यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।