{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी से 9 सितंबर को शुरू होगा राष्ट्रीय पोषण माह 2026, मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी शुभारंभ

 

वाराणसी। देश में पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास को जनआंदोलन से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ 9 सितंबर को वाराणसी में किया जाएगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी रुद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में इस एक महीने तक चलने वाले अभियान की शुरुआत करेंगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और यूपी की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण मंत्री बेबी रानी मौर्य सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, विकास भागीदार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और लाभार्थी शामिल होंगे।

इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम 'हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' रखी गई है। अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण का केंद्र न बनाकर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल और शुरुआती शिक्षा के लिए सामुदायिक भागीदारी के केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके जरिए आम लोगों से अपने क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों की जिम्मेदारी में भागीदार बनने की अपील की जाएगी।

पांच प्रमुख विषयों पर रहेगा अभियान का फोकस

राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के दौरान पांच प्रमुख विषयों को केंद्र में रखा गया है। इनमें आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही, पोषण, प्रारंभिक प्रोत्साहन और बाल विकास के लिए शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 वर्ष पूरे होने का उत्सव शामिल हैं।

आहार विविधता को बढ़ावा देने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्थानीय और कम लागत वाली पौष्टिक सामग्री से स्वस्थ व्यंजन बनाने के प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके अलावा पोषण मेले और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों से जुड़े अभियान चलाकर लोगों को संतुलित आहार में दाल, अनाज, सब्जियों और अन्य प्रोटीन स्रोतों को शामिल करने के तरीके बताए जाएंगे।

आंगनवाड़ी में मिलेगा ताजा गर्म भोजन

अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर रहेगा। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मोटे अनाज, दालों और मौसमी सब्जियों पर आधारित साप्ताहिक मेनू तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अभिभावकों, पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों और आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों की भागीदारी से भोजन की गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

संशोधित पूरक पोषण कार्यक्रम (SNP) दिशानिर्देशों में पहली बार गर्म पके भोजन की स्पष्ट परिभाषा दी गई है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों पर SNP मेनू बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है, जिससे लाभार्थियों को रोजाना मिलने वाले भोजन और पात्रता की जानकारी आसानी से मिल सके।

आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियां होंगी सक्रिय

पोषण माह में सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही को भी प्रमुखता दी गई है। 25 जून 2026 को जारी दिशानिर्देशों के अनुसार आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों (AMC) के गठन और संचालन को तेज किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में कम से कम एक AMC बैठक आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इन समितियों और माता समितियों के माध्यम से भोजन की गुणवत्ता, मेनू के पालन और आंगनवाड़ी सेवाओं की निगरानी में समुदाय की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

बच्चों के विकास और शुरुआती शिक्षा पर भी जोर

पोषण माह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के शुरुआती विकास पर केंद्रित रहेगा। 0 से 3 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों को संवेदनशील देखभाल, पोषण और उम्र के अनुसार गतिविधियों के बारे में जानकारी देंगी। बच्चों के विकास से जुड़े संकेतकों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के माध्यम से रेफरल की व्यवस्था भी की जाएगी।

वहीं, 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर खेल आधारित गतिविधियों और आधारशिला के माध्यम से शुरुआती शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दौरान अभिभावक-बच्चा गतिविधियों के साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) दिवस भी आयोजित किया जाएगा।

5 से 6 वर्ष के बच्चों को नजदीकी सरकारी प्राथमिक विद्यालयों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही खिलौनों, खेल सामग्री और शिक्षण संसाधनों के लिए सामुदायिक स्तर पर सहयोग जुटाने के अभियान भी चलाए जाएंगे।

PMMVY के 10 साल पूरे होने पर विशेष अभियान

इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के दस वर्ष पूरे होने को भी विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। योजना के तहत पात्र गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण को तेज करने और योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर जोर रहेगा।

वाराणसी के लॉन्च कार्यक्रम में दिखेगी अभियान की झलक

वाराणसी में होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत पोषण मेले के भ्रमण और दीप प्रज्ज्वलन से होगी। कार्यक्रम में गर्म पका भोजन, घर ले जाने वाले राशन, गृह भ्रमण के दौरान मिलने वाली सेवाओं तथा बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और विकास से जुड़े लाभार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद भी करेंगी। PMMVY के 10 वर्ष पूरे होने और राष्ट्रीय पोषण माह 2026 से संबंधित फिल्मों के प्रदर्शन के बाद अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का आयोजन सितंबर महीने में देशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायतों और घरों में सामुदायिक गतिविधियों के जरिए किया जाएगा। अभियान का मूल संदेश यही है कि स्वस्थ और सुपोषित बच्चे का निर्माण केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।