{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व की शुरुआत, सीर गोवर्धन से निकली भव्य कलश यात्रा 

वाराणसी में संत रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर समरसता संकल्प अभियान की भव्य शुरुआत हुई। सीर गोवर्धनपुर में 131 कलशों का पूजन, शोभायात्रा और आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पवित्र मिट्टी का वितरण होगा। रविदास घाट पर 11 हजार दीपों से दीपोत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

 

वाराणसी: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' की भव्य शुरुआत मंगलवार को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली से हुई। 131 कलशों के पूजन, विशाल शोभायात्रा और संतों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे परिसर में भक्ति और समरसता का वातावरण देखने को मिला। बुधवार को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेता और संत शामिल होंगे।

131 कलशों में भरी गई जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी

संत रविदास मंदिर के समीप स्थित पार्क में 131 कलशों में जन्मस्थली की पावन मिट्टी भरी गई। संत-महात्माओं ने इन कलशों को संत रविदास की प्रतिमा के श्रीचरणों में रखकर विधि-विधान से पूजन कराया। पूजा के बाद कलशों को भव्य शोभायात्रा के रूप में मंदिर तक ले जाया गया, जहां उन्हें स्थापित किया गया।

ढोल-नगाड़ों के बीच निकली भव्य कलश शोभायात्रा

कलश यात्रा में केसरिया और पीले वस्त्र धारण किए महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर श्रद्धा के साथ भाग लिया। ढोल-नगाड़े, तुरही, बैंड-बाजे, सजे-धजे घोड़े और रथ यात्रा का आकर्षण बने। बड़ी संख्या में श्रद्धालु 'जय गुरु रविदास' और 'समरसता' के संदेश के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।

आज 75 जिलों और सभी राज्यों के प्रतिनिधियों को मिलेगी पवित्र मिट्टी

बुधवार, 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को संत-महात्माओं और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे कलश सौंपे जाएंगे। प्रतिनिधि इन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लेकर जाएंगे, ताकि संत रविदास के समरसता और सामाजिक समानता के संदेश को देशभर तक पहुंचाया जा सके।

मुख्य समारोह में शामिल होंगे CM योगी समेत कई बड़े नेता

सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, विभिन्न राज्यों के उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा डेरा सचखंड बल्लां और संत रविदास जन्मस्थली के प्रमुख संत गुरु निरंजन दास महाराज की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।

पांच चरणों में चलेगा 'समरसता संकल्प अभियान'

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि यह अभियान पांच चरणों में पूरे देश में संचालित किया जाएगा। 29 जुलाई से 10 सितंबर तक 'श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान' राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर चलेगा। इसके बाद 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से काशी तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का समापन 20 फरवरी 2027 को संत रविदास जयंती के अवसर पर होगा।

रविदास घाट पर जलेंगे 11 हजार दीप

समारोह के तहत बुधवार शाम 'गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान' भी आयोजित किया जाएगा। गंगा तट स्थित रविदास घाट पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही देशभर के संत रविदास मंदिरों, स्मारक स्थलों और भाजपा के मंडल स्तर तक दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर समरसता का संदेश दिया जाएगा।