स्मार्ट काशी ऐप से होगा पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन, नहीं कराने पर लगेगा 5000 रुपये तक जुर्माना
May 1, 2026, 14:16 IST
वाराणसी: अब स्मार्ट काशी ऐप के जरिए शहर में पालतू कुत्तों का पंजीकरण किया जाएगा। वाराणसी नगर निगम ने पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। अब लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने पालतू जानवरों का रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, पालतू जानवरों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि सभी वर्ग के लोग आसानी से इस प्रक्रिया का लाभ उठा सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पालतू पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनका सटीक डेटा तैयार करना है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो पशुपालक अपने पालतू कुत्तों का पंजीकरण नहीं कराएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।