भीषण गर्मी में राहत: वाराणसी के 39 जगहों पर लगे वाटर कूलर और प्याऊ
वाराणसी में भीषण गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने 39 स्थानों पर वाटर कूलर और प्याऊ की सुविधा शुरू की है। घाटों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाए गए इन जल पॉइंट्स से राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। जरूरत पड़ने पर इन सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
वाराणसी: भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए नगर निगम ने अहम पहल की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में कुल 39 स्थानों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे राहगीरों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है।
नगर निगम के अनुसार, 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर लगाए गए हैं, जबकि 22 स्थानों पर पारंपरिक प्याऊ शुरू किए गए हैं। इनका उद्देश्य गर्मी के इस कठिन दौर में लोगों को आसानी से ठंडा पानी उपलब्ध कराना है। इन व्यवस्थाओं की निगरानी उद्यान विभाग द्वारा की जा रही है, ताकि साफ-सफाई और नियमित जल आपूर्ति बनी रहे।
शहर के प्रमुख स्थानों- अस्सी घाट, रवीदास गेट, पांडेयपुर चौराहा, कचहरी परिसर, सारनाथ, महमूरगंज तिराहा, रामनगर किला और मंसा देवी मंदिर समेत कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाटर कूलर चालू कर दिए गए हैं। इसके अलावा मैदागिन, लक्सा, सिगरा, तेलियाबाग, रामकटोरा जैसे प्रमुख चौराहों और घाटों—दशाश्वमेध, नमो घाट और भैंसासुर घाट पर भी प्याऊ लगाए गए हैं।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए की गई है और अगर किसी अन्य क्षेत्र से मांग आती है, तो भविष्य में इन सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
भीषण गर्मी में यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत भरी है, जो रोजमर्रा के कामों के चलते बाहर निकलते हैं और जिन्हें गर्मी में पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है।