{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में IGRS मामलों की समीक्षा, डीएम बोले- शिकायतकर्ता से बात किए बिना रिपोर्ट अपलोड न करें

वाराणसी में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने IGRS और जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना रिपोर्ट अपलोड करने पर विभागीय कार्रवाई और प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी दी गई।

 

वाराणसी: आम जनता की शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में IGRS (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) और जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिकायतों के निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता 

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित और निस्तारित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि IGRS और जनसुनवाई पोर्टल शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, जिनका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न केवल शासन के निर्देशों की अनदेखी है, बल्कि आम जनता के अधिकारों का भी उल्लंघन है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।

शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना रिपोर्ट अपलोड करने पर कार्रवाई

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से संपर्क करना अनिवार्य होगा। बिना शिकायतकर्ता से बात किए या मौके की स्थिति जाने बिना रिपोर्ट अपलोड न की जाए।

उन्होंने साफ कहा कि यदि किसी अधिकारी की ओर से शिकायतकर्ता को संतुष्ट किए बिना रिपोर्ट भेजी गई और नकारात्मक फीडबैक प्राप्त हुआ, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करते हुए विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

असंतोषजनक फीडबैक वाले मामलों की होगी दोबारा जांच

बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को निर्देश दिया कि पिछले तीन महीनों के दौरान जिन मामलों में शिकायतकर्ताओं ने असंतोषजनक फीडबैक दिया है, उन्हें चिन्हित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से दोबारा फोन पर संपर्क करें और आवश्यक होने पर स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर, निष्पक्षता और नियमों के अनुसार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में IGRS पोर्टल पर लंबित मामलों की स्थिति और उनके निस्तारण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।