{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में गंगा का बढ़ता जलस्तर: तेज बहाव के चलते अगले आदेश तक नौका संचालन पर रोक
 

 

वाराणसी। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र गंगा में नौका संचालन पर अगले आदेश तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पूर्वी हवा के प्रभाव से नदी में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिससे नौकायन जोखिम भरा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा का जलस्तर बढ़कर 61.84 मीटर पर पहुंच गया है और नदी 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने सभी नावों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है।

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों, श्रद्धालुओं और नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण किसी भी प्रकार के नौका संचालन की अनुमति फिलहाल नहीं दी जाएगी। हालात की लगातार निगरानी की जा रही है और स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

उधर, गंगा का बढ़ता जलस्तर वाराणसी में संभावित बाढ़ के खतरे का संकेत दे रहा है। प्रशासन ने गंगा तट के आसपास रहने वाले लोगों और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने, नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।