आर. के. चौधरी फिर बने IIA के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्वांचल के उद्यमियों में खुशी की लहर
वाराणसी। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने एक बार फिर आर. के. चौधरी पर भरोसा जताते हुए उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके पुनर्निर्वाचन पर पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश के उद्यमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे एमएसएमई क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताया है।
आर. के. चौधरी लंबे समय से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र की समस्याओं के समाधान, उद्योगों के विकास और उद्यमियों के हितों की प्रभावी पैरवी करते रहे हैं। उनके नेतृत्व और अनुभव के चलते आईआईए को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिली है। उद्यमियों का मानना है कि उनके दोबारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से संगठन को और सशक्त नेतृत्व मिलेगा तथा उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को शासन और नीति-निर्माताओं के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।
आईआईए की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य राजेश भाटिया ने आर. के. चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनका पुनर्निर्वाचन पूरे उद्यमी समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आईआईए एमएसएमई क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।
वहीं, आईआईए के राष्ट्रीय सचिव अनुपम देवा ने कहा कि आर. के. चौधरी हमेशा उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं और उनके अनुभव का लाभ प्रदेशभर के उद्यमियों को मिलता रहेगा।
अपने संबोधन में आर. के. चौधरी ने सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके सदस्यों की एकजुटता में होती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही एमएसएमई क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूर्वांचल में औद्योगिकीकरण को गति देने और उद्योगों के सामने आ रही बाधाओं को शासन-प्रशासन के सहयोग से दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर आईआईए के डिवीजनल चेयरमैन प्रशांत अग्रवाल, डिवीजनल सचिव मनीष कटारिया, मेंबरशिप ग्रोथ कमेटी के चेयरमैन नीरज पारीख, राष्ट्रीय टूरिज्म कमेटी के चेयरमैन राहुल मेहता, वाराणसी चेयरमैन पंकज अग्रवाल, सचिव बी.एन. दुबे, कोषाध्यक्ष अजय जायसवाल, गौरव गुप्ता समेत पूर्वांचल के अनेक उद्यमियों ने आर. के. चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।