{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर एवं इनरव्हील क्लब ग्रेटर ने विद्यार्थियों को दी नई सौगात, नए विद्यालय भवन का हुआ लोकार्पण

 

वाराणसी। शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर एवं इनरव्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर ने ब्रह्मर्षि बलदेव विद्या मंदिर में नव-निर्मित विद्यालय भवन का भव्य लोकार्पण किया। लगभग 2600 वर्गफुट क्षेत्रफल में निर्मित इस भवन में 8 आधुनिक शिक्षा कक्ष बनाए गए हैं, जो विद्यार्थियों के बेहतर अध्ययन और सर्वांगीण विकास में सहायक होंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल रहे। उनके साथ नामित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. दिनेश गर्ग, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. उत्तम अग्रवाल एवं रो. सुनील बंसल तथा डिस्ट्रिक्ट रीजनल हेड रो. अनिल जाजोदिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर के अध्यक्ष रो. संदीप प्रहलादका ने सभी अतिथियों और दानदाताओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह भवन क्लब सदस्यों के सेवा भाव, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय निर्माण में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस परियोजना में अनेक समाजसेवियों और रोटरी सदस्यों ने अपने परिजनों की स्मृति में शिक्षा कक्षों का निर्माण कराया। रो. विजय अग्रवाल (ज्वेलर्स) एवं श्रीमती बिंदु अग्रवाल ने अपने पुत्र स्व. शिवेश अग्रवाल की स्मृति में एक कक्ष का निर्माण कराया। वहीं रो. पवन धूत एवं श्रीमती राजश्री धूत, रो. संजीव टकसाली के परिवार, रो. श्रीकृष्ण अग्रवाल एवं श्रीमती रश्मि अग्रवाल के परिवार तथा रो. संदीप एवं सौरभ प्रहलादका परिवार ने भी अपने परिजनों की स्मृति में शिक्षा कक्षों का निर्माण कराया।

इसके अलावा क्लब के दिवंगत पूर्व अध्यक्ष स्व. डॉ. अमिताभ अग्रवाल और स्व. पीयूष साह की स्मृति में भी सदस्यों के सहयोग से एक शिक्षा कक्ष बनाया गया, जिसका लोकार्पण डॉ. दिव्या अग्रवाल एवं श्रीमती रजनी साह ने किया।

विद्यालय भवन के निर्माण में रो. भूपेंद्र अग्रवाल एवं श्रीमती रजनी अग्रवाल ने सभी कक्षाओं की खिड़कियों, रो. राजेश जायसवाल एवं श्रीमती भारती जायसवाल ने दरवाजों तथा रो. प्रदीप अग्रवाल (इलेक्ट्रिक) ने विद्युत सामग्री उपलब्ध कराकर महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इसके अतिरिक्त कई अन्य रोटरी सदस्यों एवं तीन गुप्त दानदाताओं ने भी इस सामाजिक परियोजना में अपना योगदान दिया।

इनरव्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर की अध्यक्ष श्रीमती संगीता अग्रवाल ने कहा कि यह भवन शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में क्लब की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये कक्ष विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन निवर्तमान अध्यक्ष रो. विपुलशंकर पंड्या ने किया। समारोह में रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह परियोजना रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर एवं इनरव्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर की शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है।