{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में 9-10 दिसंबर को लगेगा रोजगार महाकुंभ, 20,000 युवाओं को नौकरी पाने का सुनहरा मौका

 

वाराणसी। मिशन रोज़गार के तहत वाराणसी में आयोजित होने वाले “काशी सांसद रोज़गार महाकुंभ-2025” की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक करते हुए सेवायोजन अधिकारी को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह रोजगार महाकुंभ पूर्वांचल के हजारों युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर लेकर आएगा और किसी भी अभ्यर्थी या कंपनी को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

यह दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर 9 और 10 दिसंबर को करौंदी स्थित गवर्नमेंट आईटीआई कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश की लगभग 300 राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी। लक्ष्य है कि लगभर 20,000 युवाओं को मौके पर नौकरी दी जाए। अधिकतम वार्षिक पैकेज 3.60 लाख रुपये तक रखा गया है।

शामिल होने वाली प्रमुख कंपनियां

मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे, एल एंड टी, इफ्को, एक्सिस बैंक, वर्धमान टेक्सटाइल, स्विगी, ब्लिंकिट, क्वेस कॉर्प, एमआरएफ चेन्नई, एसआईएस इंडिया लिमिटेड, श्रीराम पिस्टन एंड रिंग, एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, टीवीएस, होटल ताज, उत्कर्ष बैंक आदि शामिल होंगी।

साथ ही दुबई, ओमान और शारजाह की कई इंटरनेशनल कंपनियां-DMDC Contracting LLC Dubai, B R D LLC Dubai, GCC Sharjah, Halemec Electromechanical Works समेत अन्य—युवाओं को विदेश में नौकरी के अवसर भी प्रदान करेंगी।

सभी शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए मौका

हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, एमबीए, फार्मेसी, होटल मैनेजमेंट, कानून सहित सभी शैक्षणिक व प्रोफेशनल डिग्रीधारक उम्मीदवार निःशुल्क भाग ले सकते हैं। रोज़गार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन उपलब्ध है। साथ ही आयोजन स्थल पर ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और QR कोड स्कैन कर निःशुल्क पंजीकरण भी किया जा सकेगा।

अधिकारियों का कहना है कि बेहतर औद्योगिक माहौल, कानून-व्यवस्था और कनेक्टिविटी के कारण बड़ी कंपनियां अब सीधे वाराणसी आकर युवाओं को नौकरी दे रही हैं। यह रोजगार महाकुंभ पूर्वांचल के बेरोजगार युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, सेवायोजन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।