पांडेयपुर से शुरू हुई सुरक्षा पहल: कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी जांच तेज, आकाश इंस्टीट्यूट का हुआ निरीक्षण
वाराणसी। हाल ही में हुए इंस्टीट्यूट अग्निकांड के बाद शहर के कोचिंग सेंटरों, इंस्टीट्यूटों और अन्य शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकास, पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
इसी क्रम में पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह ने क्षेत्र स्थित आकाश इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी अलार्म, अग्निशमन उपकरणों तथा संस्थान में उपलब्ध अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
चौकी प्रभारी ने संस्थान प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
विशेषज्ञों का मानना है कि समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण अभियान चलाए जाने से संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और विद्यार्थियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है। प्रशासन की यह पहल शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश मानी जा रही है।