{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सलारपुर में जमीन विवाद: मंत्री अनिल राजभर के नाम पर धमकी का आरोप, पीड़ितों ने दफ्तर पहुंचकर लगाई गुहार

सलारपुर के जमीन विवाद से परेशान दर्जनों लोग कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के कार्यालय पहुंचे और बताया कि कुछ लोग मंत्री के नाम का दुरुपयोग कर धमकी दे रहे हैं। मंत्री ने साफ किया कि उन्होंने कोई फोन नहीं किया है और ऐसी हरकत करने वालों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर में जमीन विवाद के मामला सामने आया है, जहां मंत्री अनिल राजभर के नाम पर धमकी देकर मकान निर्माण रुकवाए जाने की शिकायत लेकर बुधवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कैबिनेट मंत्री के कार्यालय पहुंचे। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मंत्री के नाम का दुरुपयोग कर उन्हें डराते-धमकाते हुए निर्माण रोकने का दबाव बना रहे हैं।

शिकायत सुनने के बाद मंत्री अनिल राजभर ने स्पष्ट कहा कि उनके नाम से किसी को फोन कर दबाव बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मेरे नाम पर किसी ने कॉल किया है तो यह पूरी तरह फर्जी है। ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

सलारपुर निवासी सूर्यकांत राजभर ने बताया कि वे अपनी जमीन पर निर्माण करा रहे हैं, लेकिन पिछले कई दिनों से उन्हें लगातार धमकी भरे कॉल मिल रहे हैं। कॉल करने वाले लोग खुद को मंत्री से जुड़ा बताते हैं और दावा करते हैं कि मंत्रीजी ने काम रोकने को कहा है।

पीड़ित ने बताया कि लगातार दबाव और धमकियों से वे परेशान हो चुके थे, इसलिए आज सभी लोग सामूहिक रूप से मंत्री के पास अपनी समस्या लेकर पहुंचे। मंत्री ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और संरक्षण का भरोसा दिया और कहा कि आगे से किसी भी तरह की धमकी मिलते ही तुरंत उन्हें सूचना दें।