{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BLW मैदान में ‘सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य’, CM के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट; अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
 

 

वाराणसी: बरेका परिसर में तीन दिवसीय भव्य ‘सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य’ का आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

कार्यक्रम को लेकर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार रखें और सभी को निर्धारित प्रवेश द्वारों से व्यवस्थित तरीके से अंदर प्रवेश कराया जाए।

प्रशासन के मुताबिक, आयोजन स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि कुल मिलाकर लगभग 20 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

सुरक्षा के लिहाज से सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीम भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचा जा सके।

महानाट्य में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य और पराक्रम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाट्य प्रस्तुतियों का मंचन किया जाएगा। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।