{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: संदाहां रिंगरोड पर सीमेंट लदा टैंकर पलटा, दो लोगों की मौके पर मौत

वाराणसी के संदहां रिंगरोड चौराहे पर सीमेंट से भरा टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिससे दो चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर दोनों को अस्पताल भेजा, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

 

वाराणसी: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहां स्थित रिंगरोड चौराहे पर मंगलवार भोर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ओपीसी 43 लिक्विड सीमेंट से भरा एक टैंकर तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि टैंकर में सवार दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े।

जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के रीवा निवासी रामकुमार यादव (25) पुत्र रामकुमार यादव और भोलानाथ यादव (36) पुत्र मोतीलाल यादव प्रिज्म सीमेंट कंपनी के टैंकर चालक थे। सोमवार देर रात दोनों रीवा से टैंकर में लिक्विड सीमेंट भरकर जौनपुर के केराकत की ओर निकले थे। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे संदहां के रिंगरोड चौराहे के पश्चिमी छोर पर पहुंचते ही टैंकर एक लेन पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए गति-अवरोधक डिवाइडर से जा भिड़ा और पलट गया।

हादसा देखते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किसी ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिरईगांव चौकी प्रभारी विकास मौर्या टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को टैंकर से निकलवाकर एंबुलेंस से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल भेजा। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों ड्राइवरों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को मर्चरी में रखवा दिया है। चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और मृतकों की पहचान उनके आधार कार्ड और मोबाइल के आधार पर की गई। परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने पर आगी की कार्रवाई की जाएगी। 

उधर, प्रिज्म सीमेंट कंपनी की दूसरी गाड़ी लेकर चालक विवेक मिश्रा भी मौके पर आया और उसने दुर्घटना की सूचना कंपनी को दी। चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आने के बाद तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।