संत अतुलानंद कॉलेज में पर्यावरण महाअभियान, रैली- वृक्षारोपण और जल संरक्षण की दिलाई शपथ
Varanasi : सृजन सामाजिक विकास न्यास की ओर से मंगलवार को संत अतुलानंद कॉलेज, कोइराजपुर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण रैली, वृक्षारोपण, गौ-पूजन और पर्यावरण एवं जल संरक्षण विषय पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की प्रेरणा सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं 'पर्यावरण ऋषि' अनिल कुमार सिंह ने दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर रहे। इस दौरान सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन राहुल सिंह एवं निदेशक वंदना सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण जागरूकता रैली से हुई, जिसमें विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। रैली के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौ-पूजन कर भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान 'पर्यावरण एवं जल संरक्षण' विषय पर आयोजित विचार संगोष्ठी में वक्ताओं ने ग्लोबल वार्मिंग, बदलते मौसम चक्र और लगातार गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, सृजन सामाजिक विकास न्यास तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और पर्यावरण संरक्षण अभियान में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
इस अवसर पर अनिल कुमार सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बढ़ता जल संकट और पर्यावरण असंतुलन आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं और इनसे निपटने में युवाओं व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।