{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: सीआरपीएफ जवान के बंद घर से लाखों के जेवर-नकदी उड़ा ले उड़े चोर

वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में चोरों ने सीआरपीएफ जवान राजीव सिंह के बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात, 60 हजार रुपये नकद और सिलेंडर समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। परिवार शादी में गया था। लौटने पर घटना का पता चला। पुलिस जांच में जुटी है।

 

वाराणसी (सारनाथ): ठंड बढ़ने के साथ ही वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने फिर सिर उठाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला शंकर नगर कॉलोनी का है, जहां चोरों ने एक सीआरपीएफ जवान के बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। 

गाजीपुर जिले के बहरियाबाद मुबारकपुर निवासी राजीव सिंह वर्तमान में सीआरपीएफ में तैनात हैं और उनकी बटालियन इन दिनों बिहार में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही है। राजीव सिंह ने सारनाथ के हिरामनपुर स्थित शंकर नगर कॉलोनी में मकान बनवाया है, जहां वह अपने परिवार के साथ रहते हैं।

परिवार 22 नवंबर को भतीजे की शादी में शामिल होने गाजीपुर गया हुआ था। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जब स्वजन घर लौटे, तो मुख्य द्वार की कुंडी टूटी हुई और तीन कमरों के ताले क्षतिग्रस्त मिले। अंदर का नजारा देखकर सभी स्तब्ध रह गए- कमरों का सामान बिखरा था और अलमारी से कीमती जेवरात व नकदी गायब थे।

परिवार के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने की पांच अंगूठियां, एक चेन, चांदी की दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, एक सिलेंडर और लगभग 60,000 रुपये नकद शामिल हैं। चोरों ने घर के अंदर गुटखा खाकर थूक भी फैला रखा था, जिससे साफ पता चलता है कि उन्होंने घर में काफी समय बिताया।

सूचना पर पहुंची सारनाथ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों का सुराग मिल जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।