{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: पंचकोशी चौराहे पर रोता मिला 6 साल का मासूम, सारनाथ पुलिस ने परिवार से मिलाया

वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में पंचकोशी चौराहे पर भटके 6 साल के बच्चे को पुलिस ने महज दो घंटे में उसके परिवार से मिलाया। थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की तत्परता से बच्चा सुरक्षित पिता को सौंपा गया। परिजनों ने भावुक होकर कमिश्नरेट पुलिस का धन्यवाद किया।

 

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए भटके हुए 6 वर्षीय बच्चे को महज दो घंटे के भीतर उसके परिवार से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

पंचकोशी चौराहे पर भटकता मिला था मासूम

जानकारी के अनुसार, सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी और पुराना पुल चौकी प्रभारी अनिल कुमार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पंचकोशी चौराहे के पास एक 6 वर्षीय बच्चा अकेले भटकता हुआ मिला। पुलिस टीम ने बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उससे पूछताछ कर परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया।

2 घंटे की मेहनत के बाद परिवार का पता लगाया

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर बच्चे की पहचान विष्णु के रूप में की। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने रसूलगढ़ निवासी बच्चे के पिता अनिल कुमार से संपर्क किया और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

बच्चे को देखकर भावुक हुए परिजन, पुलिस को कहा धन्यवाद

अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता से उनका बच्चा सुरक्षित मिल सका।