{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सिंधोरा में सनसनीखेज वारदात: घर में घुसकर जेवर-नकदी लूटे, 19 वर्षीय युवती को अगवा कर ले गए
 

 

वाराणसी: सिंधोरा थाना क्षेत्र के अमौत गांव में 10 मई की देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के ही एक युवक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर में घुसकर सोने के जेवर और नकदी लूट ली तथा उनकी 19 वर्षीय बेटी को जबरन अगवा कर ले गया।

पीड़िता की मां ने सिंधोरा थाने में तहरीर देकर बताया कि रात करीब 12 बजे आरोपी युवक अपने परिवार के सदस्यों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी सोने की सिकड़ी, मंगलसूत्र, अंगूठी तथा लगभग 10 हजार रुपये नकद चुरा लिया। इसके साथ ही आरोपी युवक अपनी बाइक पर युवती को जबरन बैठाकर फरार हो गया।

तहरीर में पीड़िता की मां ने युवक के अलावा उसके पिता, मां, भाई, बहन और भाभी पर भी युवती को भगाने में सहयोग करने का आरोप लगाया है। परिवार ने बताया कि युवती की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।

पुलिस की कार्रवाई

पीड़िता की मां की शिकायत पर सिंधोरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 331(4) और 87 के तहत युवक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक श्वेतांशु पांडेय को सौंपी गई है।

थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि युवती की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। युवती की बरामदगी और आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।