{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में T-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का अनावरण, नितिन नवीन बोले- दिव्यांगता...
 

 

वाराणसी। सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में भव्य अनावरण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों के माध्यम से समावेशी समाज के निर्माण पर जोर दिया गया।

दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं: नितिन नवीन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी भी क्षेत्र में दूसरों से कम नहीं हैं। उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

दिव्यांग खिलाड़ियों में आत्मविश्वास जगाना प्रतियोगिता का उद्देश्य

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में नई उम्मीद, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करने के साथ समाज में समावेशिता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करेगा।

विभिन्न राज्यों की टीमें प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। इस आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त करते हुए दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति उनके सहयोग और प्रोत्साहन की सराहना की। वहीं, कार्यक्रम के संयोजक वीरभद्र सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर पद्मश्री विमल जैन, ट्विंस ब्रदर राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी, शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह साजन, चंदन सिंह सिसोदिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।