{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वडनगर से काशी तक गूंजेगा ‘सेवा संकल्प’, PM मोदी के जन्मदिन पर BJP ने बनाया खास प्लान
 

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिन को खास बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

यह अभियान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होंगे। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद संभाला था। इसके बाद उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखी।

रक्तदान शिविर से होगी अभियान की शुरुआत

बीजेपी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें लाभार्थी परिवार प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार और शुभकामना के प्रतीक के रूप में दीप जलाएंगे।

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इसके साथ देशभर में बाइक रैलियां और पदयात्राएं भी निकाली जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों से ‘विकसित भारत’ के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की जाएगी।

वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी सेवा यात्रा

बीजेपी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा यात्रा’ भी निकालेगी। यह यात्रा देश के 17 राज्यों से होकर गुजरेगी। इसके लिए युवाओं की अलग-अलग टोलियां बनाई जाएंगी, जिसमें प्रत्येक टोली में करीब 50 युवा शामिल होंगे।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी से वह लगातार तीसरी बार लोकसभा सांसद हैं।

नितिन नवीन ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सफर एक साधारण कार्यकर्ता से शुरू होकर देश के ‘प्रधान सेवक’ तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने जनसेवा से राष्ट्रसेवा की दिशा में लगातार काम किया है।

नितिन नवीन ने भारत की अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, यूनिकॉर्न और युवाओं की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देश के युवा अब केवल Job Seekers नहीं, बल्कि Job Givers बनकर उभर रहे हैं।