काशी में 7 अक्टूबर को होगा सेवा संकल्प यात्रा का भव्य समापन, अमित शाह करेंगे यात्रियों का स्वागत
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को काशी और गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को काशी और वडनगर में होगा। वडनगर से काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वागत करेंगे। सेवा यात्री गुजरात की नदियों का जल भी साथ लेकर आएंगे, जिससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी और प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के भी शामिल होने की संभावना है। भाजपा की क्षेत्रीय इकाई के अनुसार, एनडीए के एक अन्य बड़े नेता को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विचार चल रहा है।
काशी पहुंचने तक जगह-जगह होगा स्वागत
सेवा यात्रियों के काशी की सीमा में प्रवेश करते ही उनका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। स्वागत का सिलसिला श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक जारी रहेगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर स्वागत पॉइंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्वागत स्थल पर राज्यमंत्री और विधायकों की तैनाती की जाएगी और मंत्री-विधायक ही स्वागत की अगुवाई करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। यात्रा के समापन कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अमित शाह कर सकते हैं राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काशी दौरे के दौरान जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के उद्घाटन की भी संभावना है। विश्वविद्यालय के उद्घाटन को लेकर तैयारियां पहले से चल रही हैं। इसके शुरू होने के बाद फॉरेंसिक जांच से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
17 सितंबर को दोनों दिशाओं से रवाना हुई थीं यात्राएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राएं रवाना की गई थीं। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार करीब 500 युवाओं की यात्रा को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया था।
वहीं, वडनगर से काशी के लिए रवाना हुई यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं ने हरी झंडी दिखाई थी। दोनों दिशाओं से निकली यात्राएं करीब 20 दिन की यात्रा के बाद 7 अक्टूबर को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
काशी से वडनगर जाने वाली यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। इसमें एक हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की योजना है। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण समेत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।