शिवपाल यादव ने विंध्यधाम में मां विंध्यवासिनी के किए दर्शन, चढ़ाया 51 किलो का घंटा
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सोमवार को विंध्यधाम पहुंचे। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और 51 किलो का घंटा चढ़ाया।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 में शिवपाल सिंह यादव ने मां विंध्यवासिनी को 51 किलो का घंटा चढ़ाया था, जो बाद में बीच से फट गया था। इसी के बाद उन्होंने सोमवार को दोबारा 51 किलो का घंटा चढ़ाया।
शिवपाल सिंह यादव सड़क मार्ग से लखनऊ से रवाना होकर दोपहर करीब 12 बजे बाबतपुर चौराहा पहुंचे। इसके बाद हरहुआ, वाजिदपुर रिंग रोड, रखौना, राजातालाब, मिर्जामुराद और औराई होते हुए वह मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे।
दर्शन-पूजन के बाद शिवपाल यादव सक्तेशगढ़ स्थित स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी जी से आशीर्वाद लिया। शिवपाल यादव आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद मंगलवार को आश्रम में आयोजित भंडारे में शामिल होने के बाद सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।