हर बारिश में डूब जाती है शिवपुर की पुष्पराज सिनेमा गली, स्थानीय लोग बोले—अब सिर्फ आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए
वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र की पुष्पराज सिनेमा गली के निवासी वर्षों से जलभराव, अधूरी सड़क और सीवर व्यवस्था के अभाव जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में न तो सीवर लाइन की समुचित व्यवस्था है और न ही जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराया गया है। ऐसे में हर बारिश के दौरान पूरी गली घुटनों तक पानी में डूब जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के समय जलभराव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
निवासियों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों का कहना है कि गली की आधी सड़क का निर्माण तो कराया गया, लेकिन शेष हिस्सा आज भी अधूरा पड़ा है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है और वे सवाल उठा रहे हैं कि अधूरी सड़क का निर्माण आखिर कब पूरा होगा और वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कब मिलेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गली के विकास कार्य का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल द्वारा किया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि विधायक से कई बार शिकायत करने पर उन्हें बताया गया कि परियोजना का बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही कार्य शुरू होगा, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वहीं, इस संबंध में क्षेत्रीय पार्षद का कहना है कि गली के विकास कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही सीवर, जल निकासी तथा सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से ऐसे ही आश्वासन सुनते आ रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस काम दिखाई नहीं दिया है।
अब देखने वाली बात होगी कि वर्षों से जलभराव और अधूरी सड़क की समस्या झेल रहे शिवपुर के लोगों को आखिर कब राहत मिलती है और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के दावे धरातल पर कब उतरते हैं।