{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बाबा विश्वनाथ के दरबार में की पूजा- कहा, महादेव सभी पर रखें कृपा

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन और पूजा की। उन्होंने देश की सुख-समृद्धि की कामना की और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश दिया। राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि वे सिर्फ दर्शन करने काशी आए हैं।

 

वाराणसी: शिवराज सिंह चौहान बृहस्पतिवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और कॉरिडोर का भ्रमण भी किया।

बाबा के दरबार में की पूजा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

केंद्रीय मंत्री मंदिर के गेट नंबर चार से धाम परिसर में पहुंचे, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला और कई लोग उन्हें देखने के लिए उत्सुक नजर आए।

पूजा-अर्चना के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा, महादेव सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। हमारी जनता सुखी रहे, सभी का कल्याण हो और हम सभी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”

राजनीतिक सवालों से बनाई दूरी

वहीं, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि, यहां कोई राजनीतिक सवाल नहीं है, मैं यहां सिर्फ बाबा के दर्शन करने आया हूं।”

आध्यात्मिक यात्रा का दिया संदेश
शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा पूरी तरह आध्यात्मिक रहा। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पहले से ही सतर्क रहा और दर्शन व्यवस्था को सुचारु रखा गया।