SHO पर लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से अभद्र व्यवहार का आरोप, सुरक्षा की मांग
वाराणसी। लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने जेठवारा थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा के साथ अभद्र व्यवहार करने और असंवैधानिक तरीके से रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में तत्काल उचित कार्रवाई किए जाने के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
सिद्धार्थ विश्वकर्मा के अनुसार, लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा प्रतापगढ़ के ग्राम मानापुर में हुए सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। उनका उद्देश्य परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करना और दुख की घड़ी में शोक संवेदना व्यक्त करना था। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
पार्टी जिलाध्यक्ष का आरोप है कि जेठवारा थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह ने सार्वजनिक स्थान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप के मुताबिक, थाना प्रभारी ने डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा के गले से पार्टी का गमछा उतार दिया और कथित तौर पर उनसे बार-बार "एक लाख रुपये दो" कहकर पैसे की मांग की।
सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस का दायित्व कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि किसी व्यक्ति से इस तरह धन की मांग करना। उन्होंने इस घटना को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी से जुड़े बहुजन समाज के लोगों का अपमान बताया है।
लोकजन सोशलिस्ट पार्टी ने मांग की है कि थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह के कथित अभद्र व्यवहार और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल उचित कार्रवाई की जाए, ताकि संविधान और कानून की मर्यादा बनी रहे।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह पूरे प्रदेश में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। साथ ही पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।