दुकानदार से चालाकी से सिम-ATM उड़ाया, ठगों ने 48 घंटे में निकाल लिया 5.78 लाख का लोन
वाराणसी के शिवपुर में जालसाजों ने Paytm कर्मचारी बनकर दुकानदार से सिम, ATM और आधार कार्ड चुरा लिए और 5.78 लाख रुपये का लोन निकाल लिया। घटना के बाद केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी। इस तरह की ठगी से व्यापारियों में दहशत का माहौल।
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने खुद को Paytm कर्मचारी बताकर एक दुकानदार को निशाना बनाया और चालाकी से 5.78 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित काशीनाथ केसरी, जो शिवपुर स्थित रेलवे फाटक के पास जनरल स्टोर चलाते हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 मार्च की दोपहर दो युवक बाइक पर सवार होकर उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने खुद को Paytm का कर्मचारी बताते हुए दुकान में लगी प्वाइंट ऑफ सेल (POS) मशीन (स्वाइप मशीन) को बदलने की बात कही।
इसी दौरान दुकान पर एक ग्राहक आ गया, जिसका फायदा उठाकर दोनों जालसाजों ने चुपचाप काउंटर से मोबाइल का सिम कार्ड, ATM कार्ड और आधार कार्ड निकाल लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के दो दिन बाद जब काशीनाथ केसरी ने नया सिम कार्ड लिया, तो उनके मोबाइल पर आए बैंक मैसेज से ठगी का खुलासा हुआ। मैसेज में पता चला कि उनकी पहचान (ID) का दुरुपयोग कर उनके बैंक खाते से 5.78 लाख रुपये का लोन ले लिया गया है।
पीड़ित ने तत्काल शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि जालसाजों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।