2,000 करोड़ के कोडीन कफ सिरप तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम जल्द होगा गिरफ्तार! दुबई सरकार से आई बड़ी खबर
करीब 2,000 करोड़ रुपये के कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे कथित मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। भारत सरकार की ओर से की गई कानूनी कार्रवाई के बाद दुबई सरकार ने उसकी गिरफ्तारी की दिशा में सहयोग के संकेत दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पहले शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया। इसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने दुबई सरकार को 39 पृष्ठों का अस्थायी गिरफ्तारी वारंट (प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट) सौंपा है। इसी के आधार पर दुबई प्रशासन ने आगे की कार्रवाई के लिए सहमति जताई है।
पासपोर्ट रद्द, फिर भी गोल्डन वीजा के सहारे रह रहा है दुबई में
बताया जा रहा है कि भारत सरकार पहले ही शुभम जायसवाल का पासपोर्ट रद्द कर चुकी है। इसके बावजूद वह यूएई के गोल्डन वीजा के आधार पर दुबई में रह रहा है। गोल्डन वीजा की वैधता आमतौर पर 10 वर्ष तक होती है, जिससे उसे वहां रहने की अनुमति मिली हुई है।
गिरफ्तारी के बाद भारत लाने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही दुबई की सुरक्षा एजेंसियां शुभम जायसवाल को गिरफ्तार करेंगी, उसके बाद सीबीआई और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों की एक टीम प्रत्यार्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया पूरी करने के लिए दुबई जाएगी। इसके बाद उसे भारत लाकर उसके खिलाफ दर्ज मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुबई पुलिस और इंटरपोल की निगरानी जारी
भारत की मांग के बाद दुबई पुलिस और वहां की खुफिया एजेंसियां शुभम जायसवाल के दस्तावेजों, बैंक खातों और संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस पहले से प्रभावी है, जिसके चलते सदस्य देशों की एजेंसियों को उसके संबंध में अलर्ट किया गया है। ऐसे में उसके किसी अन्य देश भागने की संभावना भी काफी सीमित मानी जा रही है।