{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कैंट स्टेशन के पास राहगीरों को कर रही थीं परेशान, एंटी रोमियो टीम ने 5 महिलाओं को दबोचा

 

 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की थाना सिगरा पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थल पर राहगीरों को कथित तौर पर अश्लील इशारे कर परेशान करने के आरोप में पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि कैंट स्टेशन के सामने पिलर संख्या-59 के पास स्थित भारत पेट्रोल पंप के निकट कुछ महिलाएं राहगीरों और आम लोगों को अश्लील इशारे कर परेशान कर रही हैं।

सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों से जानकारी ली, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद टीम ने मौके से पांच महिलाओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 0293/2026 दर्ज किया है। सभी आरोपितों के नाम पुलिस ने गोपनीयता बनाए रखने के लिए काल्पनिक नामों से जारी किए हैं।

गिरफ्तार महिलाएं
शबनम, निवासी चंदौली
रबिना, निवासी प्रयागराज
गुडिय, निवासी चेतगंज, वाराणसी
महेन्द्री, निवासी मऊ
गोल्डी, निवासी गया, बिहार

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।