{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सिगरा पुलिस को मिली सफलता, शादी का झांसा देकर शोषण करने वाला युवक गिरफ्तार
 

 

वाराणसी। थाना सिगरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मालगोदाम रोड स्थित थाना सिगरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप मौर्या (26) पुत्र दिनेश प्रसाद मौर्या निवासी कवि टोला मच्छरहट्टा, थाना रामनगर, वाराणसी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0214/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

पीड़िता, जो खोजवा क्षेत्र की निवासी है, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात संदीप मौर्या से गुरुधाम दुर्गाकुंड क्षेत्र में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती होने के बाद आरोपी उसे ई-रिक्शा से विभिन्न स्थानों पर छोड़ने जाता था और मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत होती थी।

आरोप है कि दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के दौरान आरोपी ने मलदहिया स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी का वादा कर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में युवती को गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसी बीच फरवरी 2026 में युवती की शादी दूसरे युवक से हो गई, लेकिन गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर उसके पति ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया।

पीड़िता ने जब आरोपी संदीप मौर्या से शादी करने की बात कही तो उसने भी इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाना सिगरा में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक इन्द्रकांत मिश्रा, कांस्टेबल अनिल कुमार पटेल और कांस्टेबल नागेंद्र कुमार सिंह शामिल रहे।