{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सिन्धौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म के 2 आरोपी गिरफ्तार
 

 

वाराणसी। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत सिन्धौरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोमती ज़ोन के एडीसीपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाबालिग से दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

महगांव के बगीचे से दबोचे गए आरोपी

12 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक अंकित कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम महगांव के बगीचे के पास घेराबंदी कर मुकदमा संख्या 064/2026 से संबंधित दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रमोद उर्फ बबलू मौर्य (39 वर्ष), निवासी गरथमा, थाना सिन्धौरा
  • आनंद मौर्य (33 वर्ष), निवासी बसांव, थाना चोलापुर

एक साल तक करता रहा शोषण

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता की बहन ने 11 अप्रैल को थाने में तहरीर दी। आरोप है कि नाबालिग लड़की प्रमोद की दुकान पर काम करती थी। प्रमोद बीते एक साल से उसे डरा-धमकाकर और कई बार जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करता था।

साथी के साथ मिलकर किया घिनौना अपराध

आरोप है कि इस वारदात में आनंद मौर्य भी शामिल था, जो पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म करता था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

तहरीर मिलते ही पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।