{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में SIR अभियान तेज, डीएम ने फील्ड टीम को समय पर काम पूरा करने का दिया आदेश

 

वाराणसी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ गुरुवार को पंचकोशी मार्ग स्थित सारंग तालाब क्षेत्र का दौरा किया। यहां उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत चल रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर और बीएलओ से अब तक की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही आसपास के लोगों से भी बातचीत कर यह जाना कि उन्हें गणना प्रपत्र मिले हैं या नहीं, और क्या वे फॉर्म भरकर जमा कर रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में जागरूक भी किया।

डीएम ने कहा कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं, जिन्हें मतदाता भरकर वापस जमा कर सकते हैं। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र बिना देरी के जमा करें। वहीं, फील्ड में तैनात कार्मिकों को निर्देश दिए कि फॉर्म भरने, संग्रहित करने और तकनीकी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पूरी सावधानी बरतें तथा सूची मिलान कार्य सही ढंग से करें।